Sonbhadra News: कोयला लदा ट्रेलर पलटा, दो गंभीर जिला अस्पताल रेफर.
चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा तिराहे पर सवारी बस को बचाने के प्रयास में कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक आसिफ हेसाब समेत दो लोग गंभीर घायल हो गए, दोनों को सीएचसी चोपन से प्राथमिक इलाज़ के बाद जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर किया गया। ट्रेलर पलटने से कोयला सड़क पर बिखर गया, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग वन-वे कर यातायात व्यवस्था संभाली गई।
sonbhadra
4:29 PM, Aug 27, 2026
Share:


तेलगुड़वा तिराहे पर पलटे कोयला लदे ट्रेलर और सड़क पर बिखरे कोयले के बीच क्षतिग्रस्त वाहन का दृश्य।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा तिराहे पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रेणुकूट की ओर से आ रहा कोयला लदा ट्रेलर सवारी बस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक आसिफ हेसाब समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल दोनों घायलों को घरेलू साधन और एंबुलेंस की सहायता से चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बताया गया कि दोनों घायलों को करीब एक बजे अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल में तैनात डॉक्टर के अनुसार, सड़क हादसे में घायल दो लोगों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया था। दोनों के सर और हाथ में चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज और आवश्यक जांच के लिए दोनों घायलों को जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
इधर, ट्रेलर के पलटने से उसमें लदा कोयला सड़क पर बिखर गया। इससे वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य के साथ यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में जुट गई। ट्रेलर सड़क पर पलटने और कोयला बिखरने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को वन-वे कर दिया। सड़क के एक तरफ वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से कोयला हटाने तथा पलटे ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सवारी बस को बचाने के प्रयास में ट्रेलर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रेलर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। फिलहाल दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर किया गया है और मौके पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का कार्य जारी है।



