Sonbhadra News: संचारी व दस्तक अभियान तेज, जनपद में साफ-सफाई और रोगियों के चिन्हीकरण पर जोर.
सोनभद्र में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता और साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष माइक्रोप्लान के तहत स्वच्छता कार्य और रोगियों का चिन्हीकरण किया जा रहा है। अब तक 1,895 विद्यालयों में जागरूकता रैलियां और 60 शहरी वार्डों में फॉगिंग कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराने की अपील की है
sonbhadra
6:54 PM, Jul 14, 2026
Share:


संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद में 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से दस्तक अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संक्रामक एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, जनजागरूकता और रोगियों के चिन्हीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें सफाईकर्मी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, पंचायत सहायक और ग्राम प्रधानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, हैंडपंपों की मरम्मत, शौचालय निर्माण और मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 1,895 विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, 257 ग्रामों में प्रभात फेरियां और 266 ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा 60 शहरी वार्डों में फॉगिंग, 1,137 हैंडपंपों की मरम्मत, 640 ग्रामीण एवं 676 शहरी नालियों की सफाई सहित अन्य स्वच्छता कार्य भी कराए गए हैं। दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर बुखार, मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, डायरिया, कालाजार और खांसी-जुकाम जैसे लक्षणों वाले लोगों का चिन्हीकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा किसी भी संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं।
