Sonbhadra News: अवैध अस्पतालों के खिलाफ कांग्रेस का सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन, कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी.
जनपद में कथित अवैध अस्पतालों में प्रसव के दौरान लगातार हो रही मौतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
sonbhadra
6:27 PM, Jul 13, 2026
Share:


सीएमओ कार्यालय पर अवैध अस्पतालों के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कार्रवाई की मांग करते नेता।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों में लगातार सामने आ रही मरीजों की मौत की घटनाओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे तथा स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बीते एक महीने के भीतर दुद्धी, कोन और रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के चार मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पतालों की जांच के लिए बनाए गए नोडल अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता शत्रुजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले में कई अस्पताल बिना वैध मानकों के संचालित हो रहे हैं और इलाज के नाम पर लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई मामलों की सूचना संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप था कि जांच व्यवस्था पूरी तरह निष्प्रभावी है और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध अस्पतालों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं हुई, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। हालांकि कांग्रेस नेताओं द्वारा अवैध अस्पतालों और अधिकारियों पर लगाए गए पर स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई है।
