Sonbhadra News: पुलिस लाइन चुर्क में 485 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड सम्पन्न, नवआरक्षियों ने लिया जनसेवा का संकल्प.
सोनभद्र के पुलिस लाइन चुर्क में 485 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड सम्पन्न हुई, मुख्य अतिथि अरविन्द कुमार मौर्या ने परेड की सलामी ली। मार्चपास्ट में अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रदर्शन हुआ।.प्रशिक्षु आरक्षियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। नवआरक्षियों ने जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली।
sonbhadra
2:27 PM, Apr 26, 2026
Share:


सोनभद्र में 485 आरक्षियों की दीक्षांत परेड सम्पन्न।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
जनपद के पुलिस लाइन चुर्क स्थित प्रशिक्षण केन्द्र में रविवार को 485 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। पूरे परेड ग्राउंड में अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां नवआरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि अरविन्द कुमार मौर्या रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और सुसज्जित 18 टोलियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरक्षियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता और ड्रिल की उत्कृष्टता की सराहना की। इसके बाद सभी टोलियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जिसमें कदम से कदम मिलाकर चलते हुए सलामी मंच से गुजरते समय मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मार्चपास्ट की सटीकता और अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को सम्मानित किया गया। सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी का खिताब प्रशांत शुक्ला को मिला। बाह्य कक्षीय विषयों में भी उन्होंने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया, जबकि अंतः कक्षीय विषयों में नीरज ओझा को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया।
विज्ञापन
इसके अलावा अन्य कई प्रशिक्षार्थियों को भी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवआरक्षियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्य निभाने का संदेश दिया तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर सभी आरक्षियों को कर्तव्यों के प्रति शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह दीक्षांत परेड पूरे प्रदेश की सभी आरटीसी में आयोजित की गई, जिसमें लखनऊ में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने बताया कि सोनभद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 486 आरक्षियों ने परेड में भाग लिया, जिनमें से करीब 200 से अधिक प्रशिक्षु विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 70 से अधिक महिला आरक्षी भी जनपद को प्राप्त होंगी, जो विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों से आकर यहां सेवाएं देंगी। उन्होंने कहा कि सोनभद्र, जो कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है, आज पूरी तरह नक्सलमुक्त हो चुका है। एक समय जहां नक्सलियों की गतिविधियां होती थीं, आज वहीं पुलिस के जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और देश सेवा में योगदान दे रहे हैं, जो बदलते भारत की नई तस्वीर को दर्शाता है। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक माहौल में हुआ।
