Sonbhadra News: विराट रुद्र महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, भजन संध्या और रासलीला बनी आकर्षण का केंद्र.
कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम में चल रहे विराट रुद्र महायज्ञ के छठवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वृंदावन की बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने भागवत कथा का वाचन किया, जबकि भजन संध्या और रासलीला ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव मंदिर में रुद्राभिषेक पूजन हुआ तथा 251 जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री से आहुति दी गई। विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
sonbhadra
8:19 PM, Jun 10, 2026
Share:


भिखारी बाबा आश्रम में आयोजित विराट रुद्र महायज्ञ के दौरान भागवत कथा और भजन संध्या का आनंद लेते श्रद्धालु।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
सोनभद्र के कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम परिसर में चल रहे विराट रुद्र महायज्ञ के छठवें दिन बुधवार को धार्मिक अनुष्ठानों, भागवत कथा, भजन संध्या और रासलीला के कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के तहत शिव मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक पूजन कराया गया। मुख्य यजमान रॉबर्ट्सगंज निवासी संजय अग्रवाल उर्फ श्याम जी अग्रवाल एवं चांदनी अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने दूध से भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। वृंदावन से आईं बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और मानव जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। शाम को आयोजित भजन संध्या में वाराणसी से आए राष्ट्रीय बाल कलाकार श्री राम कृष्ण, श्री राधा कृष्ण एवं श्री राधे कृष्ण ने भजन, गीत और गजल की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
विज्ञापन
वहीं वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला ने दर्शकों का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे रहे। आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी महाराज ने बताया कि यज्ञ में प्रकृति संरक्षण का विशेष संदेश दिया जा रहा है। इसके तहत 251 प्रकार की जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री के माध्यम से प्रतिदिन आहुति दी जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और शुद्ध वातावरण का संदेश जनमानस तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि अयोध्या के महंत कमल नयन दास महाराज 12 जून को यज्ञ स्थल पहुंचेंगे तथा 13 जून को पूर्णाहुति के बाद आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवविवाहित कन्याओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यज्ञ में आचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी एवं अमरेश तिवारी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर जयकारे लगाए, जिससे पूरा यज्ञ स्थल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम में प्रतिदिन चल रहे विशाल भंडारे में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में दिनेश, उषा देवी, रूप गुप्ता, देवेंद्र कुमार, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, विमला देवी, दाऊदयाल, विजय सिंह, मनीष कुमार, कृति सागर, शुभराम महाराज, परमानंद, रमेश कुमार, प्रहलाद, रामखेलावन, किरण मोदवाल, शशि देवी, मानवी, कालो देवी, हीरा सिंह, संगीता, मुन्ना बाबा, राजेश एवं केवलानंद महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
