Sonbhadra News: साइबर ब्लैकमेलिंग गैंग का पर्दाफाश, 5 आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार.
रॉबर्ट्सगंज निवासी को साइबर ब्लैकमेलिंग से परेशान कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान से पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नगदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर AI से अश्लील वीडियो तैयार कर लोगों से धन उगाही करते थे।
sonbhadra
3:54 PM, May 12, 2026
Share:


सोनभद्र पुलिस, साइबर थाना और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में धरे गये आरोपी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धन उगाही, साइबर उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने राजस्थान से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नगदी बरामद की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने बताया मामला रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र का है, जहां मृतक राजेंद्र पाठक की पत्नी अंकिता पाठक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर बताया कि उनके पति को लगातार धमकी देकर पैसों की मांग की जा रही थी। जांच में सामने आया कि साइबर ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर राजेंद्र पाठक ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर साइबर थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त जांच शुरू की। तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर पुलिस और आर्मी अधिकारियों की फोटो लगाई जाती थी। इसके बाद AI तकनीक से अश्लील वीडियो तैयार कर लोगों को डराकर धन उगाही की जाती थी। जांच के दौरान वीडियो कॉल राजस्थान के अलवर क्षेत्र से होना पाया गया, जबकि धनराशि महाराष्ट्र के बैंक खातों में भेजी गई थी और भिवाड़ी क्षेत्र से निकाली गई। पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में धन उगाही करने वाले, बैंक खातों की व्यवस्था करने वाले और एटीएम से रकम निकालने वाले आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, दो म्यूल अकाउंट के एटीएम कार्ड तथा नगदी बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
