Sonbhadra News: फेसबुक पर फर्जी बैंक विज्ञापन दिखाकर 12 लाख की साइबर ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार.
साइबर थाना सोनभद्र पुलिस ने 12 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले का खुलासा करते हुए झारखंड निवासी दो अभियुक्तों धीरज कुमार और रवि मेहता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फेसबुक पर इंडसइंड बैंक के नाम से फर्जी पेंशनर विज्ञापन चलाकर पीड़ित से बैंकिंग जानकारी हासिल की और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए 12 लाख रुपये निकाल लिए।
sonbhadra
6:32 PM, Jun 17, 2026
Share:


12 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों के साथ साइबर थाना सोनभद्र की पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र साइबर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फेसबुक पर बैंक के नाम से फर्जी विज्ञापन दिखाकर 12 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए झारखंड से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में की गई। जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी एवं वर्तमान में जिला चिकित्सालय सोनभद्र परिसर में रहने वाले डॉ. प्रेम बहादुर गौतम ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके फेसबुक अकाउंट पर इंडसइंड बैंक के नाम से पेंशनरों से संबंधित एक विज्ञापन और लिंक दिखाई दिया। बैंक की आधिकारिक सेवा समझकर उन्होंने लिंक को खोला और अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा कर दी। इसके बाद साइबर अपराधियों ने इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से उनके खाते से 5-5 लाख रुपये के दो और 2 लाख रुपये का एक ट्रांजेक्शन कर कुल 12 लाख रुपये निकाल लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक खातों का विश्लेषण, मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रैकिंग, डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद टीम झारखंड के कोडरमा जिले पहुंची और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार और रवि मेहता निवासी कोडरमा, झारखंड के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को विभिन्न प्रलोभन देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। खाते से संबंधित डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज अपने पास रख लेते थे। इसके बाद साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि इन्हीं खातों में मंगवाकर निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पीओएस मशीन, एक चार पहिया वाहन, दर्जनों डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीम का विवरण-: 1. नि. धीरेन्द्र कुमार चौधरी प्रभारी साइबर थाना/साइबर सेल सोनभद्र। 2. हे.का. शिवनन्दन सिंह, साइबर थाना सोनभद्र। 3. हे.का. योगेश यादव, साइबर थाना सोनभद्र। 4. हे.का. संजय कुमार वर्मा, साइबर थाना सोनभद्र। 5. का. सुनील रावत, साइबर सेल सोनभद्र।
