Sonbhadra News: ₹7 करोड़ के साइबर नेटवर्क का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, रिश्तेदारों के खाते भी बनवाए साइबर ठगों के हथियार.
ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत सोनभद्र पुलिस ने शाहगंज के हिस्ट्रीशीटर बृजेश कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है। जांच में करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
sonbhadra
8:08 PM, Jul 21, 2026
Share:


ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला हिस्ट्रीशीटर पुलिस के हत्थे चढ़ा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन Cy-Vajra" के तहत सोनभद्र पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहगंज थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बृजेश कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना की टीम ने यह कार्रवाई की। मामला उस समय सामने आया जब करमा थाना क्षेत्र की एक छात्रा ने अपने बैंक खाते के दुरुपयोग की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता के बैंक खाते से करीब 1.19 करोड़ रुपये तथा अन्य बैंक खातों से 5 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त के बैंक खाते से भी करीब 2 करोड़ रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन खातों का संबंध मुख्य रूप से बैंक ऑफ महाराष्ट्र से है, जबकि अन्य बैंकों के खातों की भी जांच जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शाहगंज थाने का मजारिया हिस्ट्रीशीटर है। जिला बदर के दौरान उसका संपर्क साइबर अपराधियों से हुआ और उसने धन के लालच में गांव व आसपास के लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराया। इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग सक्रिय कर इन खातों को साइबर ठगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया जाता था। आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार के बैंक खाते का भी दुरुपयोग कराया। मुखबिर की सूचना पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 20 जुलाई को शाहगंज क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को बुलेट मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट, मारपीट और धमकी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल साइबर क्राइम थाना पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
