Sonbhadra News: चारपाई पर मिला 63 वर्षीय वृद्ध का शव, बड़े बेटे ने छोटे भाई पर लगाया हत्या का आरोप.
बभनी थाना क्षेत्र के सांगोबांध गांव में 63 वर्षीय विश्वनाथ प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका शव घर के कमरे में चारपाई पर मिला। बड़े बेटे ने छोटे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
sonbhadra
2:25 PM, Oct 13, 2026
Share:


वृद्ध की संदिग्ध मौत के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और शोकाकुल परिजन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के सांगोबांध गांव में मंगलवार को सुबह एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में सनसनी फैल गई। वृद्ध का शव घर में चारपाई पर मिला। मृतक के बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पांच दिन पहले मृतक के छोटे बेटे ने गांव में ही जमीन बेची थी और कुछ बयाना स्वरूप पैसा ले लिया था। जमीन मृतक के नाम थी तो छोटे बेटे ने जमीन का बयनामा करने के लिए पिता को बोला तो मृतक ने बयनामा करने से इंकार कर दिया। इसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। हालांकि, पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, सांगोबांध निवासी विश्वनाथ प्रजापति पुत्र इनरमन (63) सोमवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजन उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचे। वहां चारपाई पर उन्हें मृत अवस्था में देखकर परिजन अवाक रह गए। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान गोपाल प्रसाद सहित गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।तरह तरह की चर्चाएं होने लगी। विश्वनाथ प्रजापति के चार बेटे हैं। बड़े बेटे सुरेंद्र कुमार ने अपने छोटे भाई सोनू कुमार पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, करीब पांच दिन पहले मृतक के छोटे बेटे सोनू ने गांव में ही अपनी जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से मामला गंभीर हो गया है। हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर बभनी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। इस संबंध में दुद्धी के पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि मौके पर मृतक के गले या शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


