Sonbhadra News: कुएं में मिला 35 वर्षीय युवक का शव, रविवार रात घर से निकला था युवक, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच.
कोन थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय प्रदीप कनौजिया का शव सोमवार सुबह कुएं में मिला, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार युवक रविवार रात जुआ खेलने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद घर वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।
sonbhadra
12:58 PM, Nov 16, 2026
Share:


कोन में कुएं में मिला युवक का शव, मौत की वजह जानने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
कोन थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला। मृतक की पहचान प्रदीप कनौजिया पुत्र जोखन कनौजिया के रूप में हुई है। युवक का शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, प्रदीप कनौजिया रविवार की रात जुआ खेलने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। सोमवार की सुबह उनका शव कुएं में मिलने की जानकारी सामने आई तो गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे युवक की संदिग्ध मौत की असल वजह स्पष्ट हो सके।


