Sonbhadra News: रेलवे पटरी पर मिला राजमिस्त्री का शव, ट्रेन की चपेट में आने का अंदेशा.
विंढमगंज थाना क्षेत्र के पकरी गांव में रेलवे पटरी पर राजमिस्त्री अनिल का शव मिला। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल के जरिए परिजनों को जानकारी देकर शव कब्जे में लिया। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
sonbhadra
6:08 PM, Apr 24, 2026
Share:


विंढमगंज के पकरी गांव में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकरी टोला कालीनझर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने रेलवे पटरी पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अनिल पुत्र स्वर्गीय रामबृक्ष, निवासी पकरी के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री थे। जानकारी के अनुसार, सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर पटरी पर पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखते ही रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। मृतक के छोटे पुत्र अजीत कुमार ने बताया कि उनके पिता घर से करीब 4 किलोमीटर दूर रेलवे पटरी पर मृत अवस्था में मिले हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम उनके पिता गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौटे थे। रात में परिवार के सभी सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे, लेकिन पिता कब घर से बाहर गए, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। अजीत कुमार ने बताया कि उनके पिता राजमिस्त्री का काम करते थे और इन दिनों शादी-विवाह के मौसम में हलवाई का काम भी कर रहे थे। परिवार में दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र विवाहित है, जबकि अजीत अविवाहित हैं। ग्रामीणों के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अनिल रेलवे पटरी पार करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि परिजन इस घटना को लेकर संशय जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
