Sonbhadra News: कुएं में नहाने गई किशोरी का शव मिला, परिवार में मचा कोहराम.
चपकी गांव में कुएं में नहाने गई 15 वर्षीय किशोरी कुमारी आंचल का शव कुएं से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
7:54 PM, Jul 26, 2026
Share:


चपकी गांव में किशोरी का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण, जांच में जुटी पुलिस।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर, पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव में रविवार को एक 15 वर्षीय किशोरी का शव गांव के कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जानकारी के अनुसार, चपकी गांव निवासी रामाशंकर गुप्ता की 15 वर्षीय पुत्री कुमारी आंचल रविवार दोपहर घर से नहाने के लिए गांव के एक कुएं पर गई थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। दोपहर करीब तीन बजे घर से लगभग 40 मीटर दूर स्थित कुएं के पास आंचल के कपड़े और शैम्पू पड़े मिले। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान लोहे के झागड़ की सहायता से शव को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि कुएं में गिरने के बाद शव पानी के नीचे बैठ गया था, जिससे उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतका राजकीय इंटर कॉलेज चपकी में कक्षा 9 की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, आंचल की मां का निधन उसके बचपन में ही हो गया था। परिवार में एक भाई और एक बहन हैं। किशोरी की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना पर बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है।



