Sonbhadra News: खलिहान में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से क्षेत्र में सनसनी.
घोरावल क्षेत्र में खलिहान में 44 वर्षीय राम नरेश बैसवार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।
sonbhadra
4:08 PM, Apr 8, 2026
Share:


पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जुटाए साक्ष्य, जांच जारी, परिजनों ने की न्याय की मांग।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
घोरावल कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खलिहान में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राम नरेश बैसवार (44 वर्ष) निवासी बर-कन्हरा के रूप में हुई है, जो बीती रात से लापता बताए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि ग्राम क्षेत्र में श्रीकांत दुबे के खेत स्थित खलिहान में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई। शव की पहचान राम नरेश बैसवार पुत्र राजन बैसवार के रूप में हुई। घटनास्थल घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। जैसे ही घटना की जानकारी गांव में फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए गए। क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।bपरिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने घटना को हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है, लेकिन इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
