Sonbhadra News: रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका.
सोनभद्र रेलवे स्टेशन से पूर्व खंभा नंबर 168/17 के पास गोमो-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत की आशंका है। मृतक की जेब से कई आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और बंद मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बरामद दस्तावेजों के आधार पर पहचान और घटना की जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
11:14 AM, Nov 23, 2026
Share:


ट्रैक पर मिले शव की शिनाख्त में जुटी जीआरपी, आधार कार्ड में कुंदन कुमार नाम दर्ज।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोनभद्र रेलवे स्टेशन से पूर्व खंभा नंबर 168/17 के पास रेलवे ट्रैक पर व्यक्ति का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोमो-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका-:
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति गोमो-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
जेब से मिले कई आधार कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड-:
मृतक की पहचान के लिए जब जीआरपी ने उसकी तलाशी ली तो जेब से एक पर्स बरामद हुआ। पर्स में कई आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और एक बंद मोबाइल फोन मिला। एक व्यक्ति के पास कई आधार कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड मिलने से पुलिस भी मामले को लेकर जांच कर रही है। बरामद दस्तावेजों के आधार पर मृतक के बिहार का निवासी और मजदूर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दस्तावेजों के आधार पर अभी तक उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
दस्तावेजों के जरिए पहचान करने में जुटी जीआरपी-:
जीआरपी बरामद आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक कहां का रहने वाला था और सोनभद्र रेलवे स्टेशन के आसपास किन परिस्थितियों में पहुंचा था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


