Sonbhadra News: रिहंद जलाशय में पेड़ से फंसा मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप.
बीजपुर के डोडहर गांव में रिहंद डैम के बीच चितई पहाड़ी के पास पेड़ में फंसा अज्ञात युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने बोट के सहारे शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
8:20 PM, Aug 25, 2026
Share:


रिहंद जलाशय में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर मौके पर जुटे ग्रामीण, जलाशय किनारे शव की तलाश में जुटे लोग।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बीजपुर थाना क्षेत्र के डोडहर गांव में रिहंद जलाशय के बीच चितई पहाड़ी के पास मंगलवार को अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने जलाशय के बीच एक टीले पर पेड़ में फंसा शव देखा। सूचना के बाद ग्रामीण बोट के सहारे मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालकर पुलिस को जानकारी दी।ग्रामीणों के मुताबिक शव जलाशय के बीच एक पेड़ में फंसा हुआ था। शव मिलने के बाद आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। शुरुआती तौर पर ग्रामीणों को आशंका हुई कि शव मध्य प्रदेश के किसी लापता व्यक्ति का हो सकता है। बताया गया कि मध्य प्रदेश के जिस व्यक्ति के लापता होने की जानकारी सामने आई थी, उसका संबंध शव मिलने वाले स्थान के आसपास से बताया जा रहा था। इसी आधार पर उसकी पहचान को लेकर जानकारी जुटाई गई। हालांकि कुछ समय बाद मध्य प्रदेश में लापता बताए जा रहे उसी व्यक्ति का शव उसके गृह जनपद में ही बरामद होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद रिहंद जलाशय में मिला शव किसी अन्य अज्ञात व्यक्ति का होना स्पष्ट हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर धन्वंतरि चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस अब शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य स्थानों से लापता लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि शव की पहचान हो सके। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जलस्तर बढ़ने और बाढ़ के पानी के बहाव के दौरान शव कहीं से बहकर रिहंद जलाशय तक पहुंचा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह और अन्य परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस शव की पहचान के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह जलाशय तक कैसे पहुंचा। घटना की सूचना के बाद मौके पर ग्राम प्रधान डोडहर पी. पाल, रामरतन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों से शव की पहचान में सहयोग करने की अपील की है।
