Sonbhadra News: जंगल में मिला अधेड़ महिला का शव, इलाके में सनसनी.
पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खाड़पाथर के जंगल में सोमवार सुबह एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
sonbhadra
10:39 AM, Mar 9, 2026
Share:


शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस आगे की जांच में जुटी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में सोमवार की सुबह एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खाड़पाथर के सभासद प्रतिनिधि शंभू खरवार को बुलाकर शव की पहचान कराई। उन्होंने मृत महिला की शिनाख्त 50 वर्षीय शुकवरिया देवी पत्नी स्व. राजेंद्र खरवार, निवासी खाड़पाथर के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी कुंवर सिंह और क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की। मृतका के पुत्र राकेश से जानकारी लेते हुए पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई। परिजनों के अनुसार शुकवरिया देवी रविवार की रात करीब 10 बजे किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थीं। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह जंगल में उनका शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
