Sonbhadra News: चार दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का गहरे पानी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम.
चोपन थाना क्षेत्र के चुर्क-गुरमा नगर पंचायत की आदिवासी बस्ती वार्ड नंबर-9 से चार दिन पूर्व लापता हुए तीन वर्षीय मासूम का शव रविवार को बस्ती से कुछ दूरी पर गहरे पानी में मिला। बुधवार रात घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए बच्चे की तलाश परिजन और ग्रामीण लगातार कर रहे थे। शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मौत के कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
sonbhadra
2:46 PM, Nov 15, 2026
Share:


चार दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, परिवार में मचा कोहराम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
विज्ञापन
छठ महापर्व के उल्लास के बीच सोनभद्र जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चोपन थाना क्षेत्र के चुर्क-गुरमा नगर पंचायत स्थित आदिवासी बस्ती वार्ड नंबर-9 से चार दिन पूर्व रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए तीन वर्षीय मासूम बालक का शव रविवार को बस्ती से कुछ दूरी पर गहरे पानी में बरामद हुआ। मासूम का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार, आदिवासी बस्ती वार्ड नंबर-9 निवासी मंजू देवी पत्नी राम सिंह का तीन वर्षीय पुत्र बुधवार की रात घर में सो रहा था। इसी दौरान वह अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी देर तक बच्चे के नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन मासूम का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने गुरमा पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी और बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। चार दिनों तक परिजन और स्थानीय लोग मासूम की तलाश में जुटे रहे। परिवार को उम्मीद थी कि उनका लाडला कहीं सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन रविवार को गहरे पानी में उसका शव मिलने की सूचना ने सारी उम्मीदों को तोड़ दिया। शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों ने हत्या कर शव पानी में छिपाए जाने की आशंका भी जताई है, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। चार दिन तक लापता रहने के बाद मासूम का शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।


