Sonbhadra News: बीजपुर-बकरीहवा मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल, जल्द निर्माण का आश्वासन.
बीजपुर में जर्जर बीजपुर-बकरीहवा मार्ग को लेकर बजरंग दल के संदीप गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन सौंपा। सड़क की खराब हालत से हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया गया, जिस पर उप मुख्यमंत्री ने जल्द निर्माण का आश्वासन दिया।
sonbhadra
6:07 PM, Mar 20, 2026
Share:


प्रतिनिधिमंडल ने सड़क की बदहाली से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बीजपुर से बकरीहवा तक जाने वाले प्रमुख मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर एक बार फिर स्थानीय लोगों की आवाज शासन तक पहुंची। बजरंग दल काशी प्रांत के प्रांत सह संयोजक संदीप गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सड़क की बदहाली से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बीजपुर-बकरीहवा मार्ग पिछले लगभग पांच वर्षों से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे कई लोगों की जान भी जा चुकी है। खराब सड़क के चलते स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने कई बार एनटीपीसी रिहंद परियोजना प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन वहां से यह कहकर जिम्मेदारी टाल दी गई कि सड़क को लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित किया जा चुका है। इसके अलावा जिला अधिकारी सोनभद्र तथा क्षेत्रीय सांसद को भी कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्रतिनिधिमंडल में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह समरसता प्रमुख राजेश सिंह और गौरक्षा प्रमुख विजय सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्य नहीं कराया गया तो दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। इस पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि वर्षों पुरानी इस समस्या का समाधान अब जल्द संभव हो।



