Sonbhadra News: विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण पर पोखरा के किसानों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन.
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी। सोनभद्र। विकास खंड बभनी के ब्लॉक सभागार के सामने सोमवार को ग्राम पंचायत पोखरा के प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर सर्वे जल्द पूरा कराने और अधिग्रहित होने वाली जमीन का चिन्हांकन कर जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
sonbhadra
7:28 PM, Nov 23, 2026
Share:


विंध्य एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण के विरोध में पोखरा के किसानों ने प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विकास खंड बभनी के ब्लॉक सभागार के सामने सोमवार को ग्राम पंचायत पोखरा के प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर सर्वे जल्द पूरा कराने और अधिग्रहित होने वाली जमीन का चिन्हांकन कर जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विंध्य एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, लेकिन प्रभावित लोगों को पूरी और स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों में असमंजस और चिंता बनी हुई है। किसानों ने मांग की कि गांव में कितने लोगों की कितनी जमीन अधिग्रहित की जाएगी, इसका विवरण सार्वजनिक किया जाए। प्रभावित किसानों को समय से लिखित नोटिस देकर भूमि अधिग्रहण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा सर्वे और मुआवजे की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। ज्ञापन में राजस्व अभिलेखों में दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज जमीन पर पीढ़ियों से वास्तविक कब्जा रखने वाले परिवारों का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कब्जाधारियों के हितों का ध्यान रखने की मांग की। साथ ही जिन परिवारों के पास मकान के अलावा कोई दूसरी जमीन नहीं है, उनके पुनर्वास और भविष्य की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने भूमि अधिग्रहण से पहले ग्राम सभा की खुली बैठक बुलाकर ग्रामीणों को पूरी जानकारी देने और उनकी आपत्तियां सुनने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई कर किसी भी किसान या ग्रामीण के साथ अन्याय नहीं होने देने की अपील की। इस दौरान सफी मुहम्मद, रामचरित्र, देवकुमार, चंद्रदेव, विशेश्वर, श्यामजी, राजकेरवा, जमजाल, चंद्रिका, विन्ध्याचल, रामछविला, दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रभावित किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।


