Sonbhadra News: सदर तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन.
सोनभद्र की सदर तहसील में कथित भ्रष्टाचार और मनमानी के विरोध में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम रॉबर्ट्सगंज को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निष्पक्ष सुनवाई, पारदर्शी कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
sonbhadra
1:22 PM, Jun 27, 2026
Share:


अधिवक्ताओं ने सदर तहसील में प्रदर्शन कर अपनी चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
सदर तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं एवं मनमानी कार्यशैली के विरोध में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, सोनभद्र के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर के समक्ष नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन पर न्यायिक एवं राजस्व मामलों में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि कई मामलों का निस्तारण संबंधित पक्षों और अधिवक्ताओं को समुचित अवसर दिए बिना किया जा रहा है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार विजयगढ़ द्वारा वादों का त्वरित एवं मनमाने ढंग से निस्तारण किया जा रहा है, जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों में असंतोष है। साथ ही कुछ मामलों में अवैध धनराशि लेकर प्रकरणों के निस्तारण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अधिवक्ताओं ने इन आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता तथा वादकारियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार और अनावश्यक विलंब की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे न्यायिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने तहसील में न्यायिक एवं राजस्व कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, प्रत्येक पक्ष को निष्पक्ष सुनवाई का अवसर देने तथा भ्रष्टाचार एवं मनमानी पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित एवं न्यायहित में व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में अधिवक्ता कामता प्रसाद यादव, राजेश यादव, पवन कुमार सिंह, सुरेश सिंह कुशवाहा, टीटू प्रसाद गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, राजकुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, शाहनवाज आलम खान, रविंद्र पटेल, राकेश सिंह पटेल, रोशन खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
