Sonbhadra News: चोपन के सोन तट पर 21 हजार दीपों से जगमगाएगी देव दीपावली, 2014 से चली आ रही परंपरा इस बार भी लेगी भव्य रूप.
चोपन में वर्ष 2014 से आयोजित हो रही देव दीपावली इस बार चोपन के सोन तट पर 21 हजार दीपों के साथ भव्य रूप में मनाई जाएगी। आयोजन में दीपदान, अखंड हरिकीर्तन, आरती, भंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता होगी। सोन सेवा समिति को पांच से सात हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, वहीं आदिवासी एवं जनजातीय प्रतिभाओं को विशेष मंच दिया जाएगा।
sonbhadra
6:12 PM, Nov 23, 2026
Share:


चोपन के सोन तट पर 21 हजार दीपों से सजेगी देव दीपावली, धार्मिक आस्था के साथ आदिवासी प्रतिभाओं को मिलेगा विशेष मंच।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
चोपन में सोन नदी का पावन तट सोनेश्वर महादेव तट पर एक बार फिर दीपों की रोशनी से जगमगाने जा रहा है। काशी की तर्ज पर वर्ष 2014 से शुरू हुई देव दीपावली की परंपरा इस बार और भी भव्य होने जा रही है। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हैं। इस बार करीब 21 हजार दीपों से छठ घाट से लेकर बजरंग घाट तक दीपदान किया जाएगा। खास बात यह है कि धार्मिक आयोजन के साथ-साथ आदिवासी और जनजातीय समाज की प्रतिभाओं तथा स्थानीय गायकों को भी मंच देने की तैयारी है।
साथ ही बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है जो आकर्षण का केंद्र होता है। भव्य आयोजन में लगभग 5 हज़ार लोगों की पहुंचने की उम्मीद से सुरक्षा व्यवस्था व अन्य इंतज़ाम किये जाते। चोपन के सोन तट पर वर्ष 2014 से लगातार देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
सोन सेवा समिति के अध्यक्ष संजीव त्रिपाठी के मुताबिक, इस वर्ष भी हजारों दीपों से सोन नदी के तट को रोशन करने की तैयारी है। आयोजन में करीब तीन से चार हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड व जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके साथ ही रंगोली, कला प्रतियोगिता और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस बार आदिवासी एवं जनजातीय समाज के बच्चों और युवाओं को अपनी कला, प्रतिभा और संस्कृति प्रदर्शित करने के लिए विशेष मंच दिया जाएगा।
सोन सेवा समिति के राजेश अग्रहरी बताते हैं कि सोन नदी के पावन तट पर देव दीपावली का आयोजन अब एक विराट धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का रूप ले चुका है। सोन नदी का धार्मिक एवं पौराणिक महत्व भी काफी पुराना है। ऐसी मान्यता है कि सोन नदी का संबंध ब्रह्मा जी के पुत्र से है। यह नदी विभिन्न क्षेत्रों से होकर प्रवाहित होती हुई पटना के समीप गंगा नदी में मिलती है। इसी पवित्र सोन तट पर हजारों दीप जलाकर दीपदान किया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
विज्ञापन
दीपावली के दिन से ही सोन तट के निवासी और समिति के कार्यकर्ता घाटों की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में जुट जाते हैं। पिछले आयोजनों में लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं की सहभागिता रही है। इस बार भी बड़ी संख्या में नगरवासी, क्षेत्रवासी और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। हम सभी से अपील करते हैं कि देव दीपावली के इस पावन अवसर पर सोन नदी के तट पर पहुंचकर दीपदान करें और इस धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता के महापर्व को सफल बनाएं। सोन तट पर देव दीपावली का आयोजन अब धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का भी माध्यम बन रहा है।
विकास चौबे बताते हैं कि वर्ष 2014 में तत्कालीन जिलाधिकारी दिनेश सिंह ने भी आयोजन की सराहना करते हुए सहयोग दिया था। तब से हर वर्ष दीपदान, 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार एक नया आकर्षण जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता होगा, जिसमें सोनभद्र के उभरते हुए गायक अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इस वर्ष पांच से सात हजार श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
नमामि गंगे के जिला संयोजक महेंद्र केसरी के मुताबिक, छठ घाट से लेकर बजरंग घाट तक पूरे सोन तट को फूल-मालाओं और दीपों से सजाया जाएगा। आयोजन में अखंड हरिकीर्तन, आरती, भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों के विस्तार और सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है। सोनश्वर घाट की कुछ सीढ़ियों का निर्माण अभी बाकी है और इसके विस्तार का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। समिति का प्रयास है कि आने वाले वर्षों में आयोजन को और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य बनाया जाए।
बता दे कि चोपन के सोन तट पर देव दीपावली का यह आयोजन अब केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का भी माध्यम बनता जा रहा है। 21 हजार दीपों की रोशनी, अखंड हरिकीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच इस बार सोन तट पर आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।


