Sonbhadra News: एनसीएल खड़िया खदान में डीजल चोरी का खुलासा, नौ गैलन डीजल और बोलेरो के साथ चालक गिरफ्तार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल.
शक्तिनगर स्थित एनसीएल खड़िया खदान में डीजल चोरी के मामले में सुरक्षा विभाग ने बोलेरो चालक को नौ गैलन डीजल के साथ पकड़ा है। पकड़े गए चालक अमरजीत विश्वकर्मा ने पूछताछ में कथित मुख्य सरगना बाबूराम जायसवाल का नाम बताया और 1100 रुपये प्रति राउंड पर चोरी करने की बात कही।
sonbhadra
7:13 PM, Nov 11, 2026
Share:


एनसीएल खड़िया खदान में डीजल चोरी मामले में बोलेरो और नौ गैलन डीजल के साथ आरोपी गिरफ्तार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की खड़िया कोयला खदान में कथित तौर पर महीनों से चल रहे डीजल चोरी के खेल का खुलासा हुआ है। खदान के सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो चालक को नौ गैलन डीजल के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से डीजल चोरी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो भी बरामद की गई है। वाहन का नंबर यूपी 64 एजे 4198 बताया गया है। मामले में शक्तिनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए चालक की पहचान अमरजीत विश्वकर्मा पुत्र शिवराज विश्वकर्मा निवासी परासी, अनपरा के रूप में हुई है। पुलिस को दिए गए बयान में चालक ने अनपरा निवासी बाबूराम जायसवाल को कथित तौर पर इस पूरे खेल का मुख्य सरगना बताया है। अमरजीत के मुताबिक, वह 1100 रुपये प्रति राउंड के हिसाब से डीजल चोरी करने का काम करता था। उसने यह भी बताया कि इससे पहले छह से सात बार खदान क्षेत्र में डीजल चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। प्रत्येक बार करीब 300 से 500 लीटर डीजल चोरी किए जाने की बात भी सामने आई है। इस मामले में सबसे गंभीर आरोप खदान की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा है। चालक अमरजीत के बयान के अनुसार, निजी बोलेरो को खदान परिसर में प्रवेश दिलाने के लिए 'मेजर' नामक एक संविदा सुरक्षाकर्मी ने कथित तौर पर अधिकृत आरएफआईडी टैग उपलब्ध कराया था। इसी टैग के सहारे निजी वाहन बिना वैध प्रवेश पास के खदान परिसर में प्रवेश कर रहा था। यदि चालक के इन आरोपों की पुष्टि होती है तो खदान की प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। आखिर बिना वैध पास के एक निजी बोलेरो वाहन आरएफआईडी टैग के जरिए खदान के भीतर कैसे प्रवेश करता रहा? क्या बैरियर पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने इसकी जांच नहीं की या फिर इस पूरे मामले में अंदरूनी मिलीभगत थी? यह जांच का विषय है। महीनों से कथित तौर पर चल रहे इस खेल ने एनसीएल खड़िया परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान के प्रवेश द्वार पर वाहनों की जांच और आरएफआईडी टैग के इस्तेमाल की निगरानी की जिम्मेदारी सुरक्षा विभाग की होती है। ऐसे में निजी वाहन को बार-बार खदान के भीतर प्रवेश कैसे मिलता रहा, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। मामले में केवल चालक की गिरफ्तारी तक जांच सीमित रखने के बजाय कथित मुख्य सरगना, आरएफआईडी टैग जारी करने की प्रक्रिया, बैरियर पर तैनात कर्मचारियों और खदान के भीतर डीजल निकासी की पूरी व्यवस्था की जांच किए जाने की जरूरत है। घटना के बाद एनसीएल खड़िया परियोजना का सुरक्षा विभाग पत्रकारों के सवालों पर स्पष्ट जवाब देता नजर नहीं आया। महीनों से कथित तौर पर जारी डीजल चोरी, निजी वाहन को खदान में प्रवेश मिलने और आरएफआईडी टैग उपलब्ध कराने जैसे गंभीर सवालों पर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। एनसीएल खड़िया सुरक्षा विभाग की सूचना पर शक्तिनगर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। उपलब्ध प्राथमिकी दस्तावेज के अनुसार, थाना शक्तिनगर में मुकदमा अपराध संख्या 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच केवल गिरफ्तार चालक तक सीमित रहेगी या कथित मुख्य सरगना बाबूराम जायसवाल, आरएफआईडी टैग उपलब्ध कराने के आरोपों से जुड़े संविदा सुरक्षाकर्मी और बैरियर पर तैनात जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी? पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर डीजल चोरी के कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।


