Sonbhadra News: सियार के काटने से घायल अधेड़ की मौत, गांव में दहशत का माहौल.
चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत स्थित अम्मा टोला में 50 वर्षीय बाबूलाल गोंड की बुधवार को घर पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 18 अक्टूबर की रात सियार ने चारपाई पर सोते समय उन पर हमला कर काट लिया था। उन्होंने चोपन अस्पताल में एंटी रेबीज के दो इंजेक्शन लगवाए थे, लेकिन उनकी मौत के कारणों की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है।
sonbhadra
8:57 PM, Nov 11, 2026
Share:


(फ़ाइल फोटो )
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन. पाण्डेय, कोटा।
सोनभद्र।
विज्ञापन
चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत स्थित अम्मा टोला में सियार के हमले में घायल 50 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार को मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करीब तीन सप्ताह पहले रात में चारपाई पर सो रहे व्यक्ति पर हमला कर सियार ने काट लिया था। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया और एंटी रेबीज के इंजेक्शन भी लगवाए थे। बावजूद इसके उनकी मौत हो जाने से गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अम्मा टोला निवासी बाबूलाल गोंड पुत्र स्वर्गीय घरभरन गोंड अपने मंझले बेटे के ससुराल भक्सीहवा, कोटा निवासी त्रिभुवन गोंड के यहां किसी काम से गए हुए थे। बताया जाता है कि 18 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद वह घर के बाहर बनी मड़ई में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सियार वहां पहुंचा और उन पर हमला कर काट लिया। हमला करने के बाद सियार मौके से भाग निकला। घटना के अगले दिन बाबूलाल चोपन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपना उपचार कराया और एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया। इसके बाद निर्धारित समय पर उन्होंने एंटी रेबीज की दूसरी डोज भी लगवाई। परिजनों के मुताबिक, उपचार कराने के बावजूद बुधवार को घर पर उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के चिकित्सकीय कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाबूलाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं सियार के हमले और इसके बाद हुई मौत की घटना से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों में जंगली जानवरों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया गया कि मृतक के परिवार में पत्नी लीलावती देवी के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं। पांच बच्चों में दो बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। बाबूलाल अपने परिवार के साथ एक ही घर में रहते थे। परिवार में उनकी मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ सियार के हमले को लेकर दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से सुरक्षा और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।


