Sonbhadra News: परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति और CCTV व्यवस्था होगी अनिवार्य, डीएम ने दिए सख्त निर्देश.
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरे, मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
sonbhadra
5:06 PM, Jul 31, 2026
Share:


जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिक्षा समिति की बैठक में डिजिटल उपस्थिति, सीसीटीवी और विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, छात्रों की डिजिटल उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरे लगाने और शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जिला और विकासखंड स्तर पर गठित टास्क फोर्स को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को उन विद्यालयों की सूची बनाने को कहा, जहां बच्चों और शिक्षकों के आवागमन के लिए सुगम रास्ता नहीं है, ताकि पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जा सके। समीक्षा बैठक में छात्रों की डिजिटल उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया। घोरावल और दुद्धी विकासखंड में डिजिटल उपस्थिति का प्रतिशत कम मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी ने जनपद के विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। पहले चरण में 200 विद्यालयों में कैमरे लगाए जाएंगे, जिसके बाद अन्य विद्यालयों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। बैठक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने छात्राओं के पठन-पाठन, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी ने विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन स्वच्छता अभियान चलाने और प्रत्येक कक्षा में निर्धारित टाइम टेबल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, डीसी एनआरएलएम सरिता सिंह और अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
