Sonbhadra News: दिव्यांग युवक को नहीं मिल रही सरकारी योजनाओं का लाभ, परिवार परेशान.
दिव्यांग युवक हिमांचल जन्म से ही असहाय है और दूसरों पर निर्भर है। परिजनों के अनुसार कई बार आवेदन के बावजूद कोई लाभ नहीं मिला। अधिकारियों द्वारा हर बार अलग-अलग कारण बताकर मामला टाला गया। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने से परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई और लाभ दिलाने की मांग की है।
sonbhadra
1:49 PM, May 2, 2026
Share:


नगवां ब्लॉक के डोरिया ग्राम पंचायत का मामला।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, नगवां।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद के नगवां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत डोरिया से प्रशासनिक लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय दिव्यांग युवक हिमांचल पुत्र लालता को अब तक सरकारी योजनाओं का कोई लाभ नहीं मिल सका है। जबकि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। पीड़ित युवक की बहन ने बताया कि उसका भाई जन्म से ही दिव्यांग है और दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों के लिए भी दूसरों पर निर्भर है। सामान्य स्थित न होने से पढ़ाई भी नहीं कर रहा, परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर है, जिसके चलते उन्हें उम्मीद थी कि सरकार की ओर से मिलने वाली पेंशन, आवास, या अन्य सहायता योजनाओं का लाभ मिलेगा। लेकिन अब तक उन्हें किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। परिजनों का आरोप है कि वे कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों के पास जाकर आवेदन कर चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन देकर वापस लौटा दिया जाता है। कभी दस्तावेजों की कमी बताई जाती है तो कभी प्रक्रिया लंबित होने की बात कहकर टाल दिया जाता है। इससे परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई अकेला मामला नहीं है, बल्कि कई पात्र लाभार्थी सरकारी तंत्र की सुस्ती और लापरवाही के कारण योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और पात्र व्यक्तियों को तत्काल योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और पीड़ित युवक को उसका हक कब तक दिलाया जाता है।
