Sonbhadra News: सलखन फॉसिल पार्क का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश.
जिलाधिकारी ने सलखन फॉसिल पार्क का निरीक्षण कर पार्किंग, म्यूजियम, रिसेप्शन सेंटर व अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पर्यटकों के पंजीकरण और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए वन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
sonbhadra
1:53 PM, Mar 21, 2026
Share:


पार्क में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, ऐसे में यहां उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी- जिलाधिकारी.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिलाधिकारी ने सलखन स्थित फॉसिल पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग स्थल, प्राकृतिक संग्रहालय (म्यूजियम), रिसेप्शन सेंटर, कैंटीन सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रिसेप्शन सेंटर पर आने वाले प्रत्येक पर्यटक का नाम अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए तथा आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्युत उपकेंद्र तक पहुंचने के लिए अलग मार्ग निर्माण कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने फॉसिल पार्क जाने वाले मार्ग के पास स्थित तालाब के सुंदरीकरण और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि पर्यटकों को आकर्षक वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पार्क में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, ऐसे में यहां उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। वन विभाग को पार्क के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज, डीसी मनरेगा, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



