Sonbhadra News: बभनी में 54.10 करोड़ की सड़क परियोजना की धीमी रफ्तार पर डीएम नाराज, अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश.
बभनी में ₹54.10 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 14 किमी सड़क के धीमे काम पर डीएम चर्चित गौड़ ने नाराजगी जताई। मॉनिटरिंग में शिथिलता पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और ठेकेदार पर ₹20 लाख की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्यदायी संस्था को दो माह में सड़क का काम पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
sonbhadra
9:02 PM, Oct 3, 2026
Share:


जिलाधिकारी ने सड़क कार्य का निरीक्षण किया, अधिकारियों को गुणवत्ता और सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
शनिवार शाम बभनी क्षेत्र में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एमएमबीसीबी मार्ग किमी-39 से बनवासी सेवा आश्रम होते हुए छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक करीब 14 किलोमीटर लंबी और ₹54.10 करोड़ की अनुमानित लागत से निर्माणाधीन सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति बेहद धीमी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मॉनिटरिंग में शिथिलता पर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के सहायक अभियंता नवीन श्रीवास्तव एवं छोटेलाल को प्रतिकूल प्रविष्टि तथा अवर अभियंता जितेंद्र तिवारी, श्रीकेश, राजेश शर्मा एवं संतोष कुमार सिंह के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड को चेतावनी जारी करने के साथ संबंधित सहायक अभियंताओं को भी चेतावनी देने के निर्देश दिए। धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदार पर ₹20 लाख की पेनल्टी लगाने को कहा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को दो माह के भीतर सड़क का काम हर हाल में पूरा कराने, निर्माण में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण विकास कार्यों में लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके बाद वनवासी कल्याण आश्रम के सेवा कुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी गये जहां तीरंदाजी ग्राउंड और अन्तोदय छात्रावास का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता एसके सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


