Sonbhadra News: पंचमुखी महादेव मंदिर में डीएम ने किया श्रमदान, एक टन प्लास्टिक एकत्र ₹2,500 मंदिर को समर्पित.
पंचमुखी महादेव मंदिर में डीएम चर्चित गौड़ ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी का संदेश दिया। अभियान में करीब 1000 किलो प्लास्टिक एकत्र किया गया और उससे मिले ₹2,500 मंदिर के रख-रखाव के लिए दान किए गए। मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए।
sonbhadra
7:40 PM, Sep 21, 2026
Share:


स्वच्छता अभियान के तहत अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर श्रमदान करते हुए क्षेत्र से कचरा एकत्र किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकासखंड राबर्ट्सगंज स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने स्वयं श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने करीब 45 मिनट तक स्वयं श्रमदान किया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी उत्साह के साथ स्वच्छता अभियान में भागीदारी की। अभियान के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से करीब 1000 किलोग्राम प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र किया गया। एकत्रित प्लास्टिक को मौके पर ही कबाड़ी को विक्रय किया गया, जिससे ₹2,500 की धनराशि प्राप्त हुई। जिलाधिकारी की पहल पर इस धनराशि को मंदिर के रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए मंदिर में ही दान कर दिया गया। मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी द्वारा दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रोत्साहित करना तथा मंदिर परिसर को लगातार स्वच्छ बनाए रखना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कूड़े का उचित निस्तारण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना है। प्रशासन के साथ जब आमजन भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी स्वच्छ और सुंदर वातावरण का निर्माण संभव होगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय कार्मिक और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पंचमुखी महादेव मंदिर में चलाए गए इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त धार्मिक परिसर का संदेश भी दिया गया।



