Sonbhadra News: जनसुनवाई में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, 11 अधिकारियों का वेतन अवरुद्ध.
जनसामान्य की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की जनसुनवाई में उपस्थिति की समीक्षा की। इस दौरान 11 जिला स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से वेतन अवरुद्ध करने तथा दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
sonbhadra
7:08 PM, Jul 22, 2026
Share:


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की समीक्षा करते जिलाधिकारी चर्चित गौड़, अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित जनसुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान 11 जिला स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से उनका वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों में मुख्य चिकित्साधिकारी, ज्येष्ठ खान अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, सहायक महानिरीक्षक निबंधन, सहायक निदेशक रेशम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग शामिल हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देश दिया कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई करें। साथ ही तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी अपने अधीनस्थ अधिकारियों की निर्धारित समय पर जनसुनवाई और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, ताकि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि इसमें किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई को पूरी गंभीरता से लेने और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।



