Sonbhadra News: कर-करेत्तर समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, राजस्व वसूली में तेजी के निर्देश.
कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम ने बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील स्तर पर आरसी मिलान और सरकारी जमीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। राजस्व मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण और जमीनी विवाद मौके पर सुलझाने पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग और खाद्य विभाग को मिलावटखोरी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
sonbhadra
7:17 PM, Apr 28, 2026
Share:


लक्ष्य पूरा न करने पर तय होगी जिम्मेदारी, बकायेदारों पर कार्रवाई के आदेश।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में राजस्व वसूली और कर-करेत्तर मदों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मासिक लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य में तेजी लाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील स्तर पर बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए और राजस्व वसूली को गति दी जाए। उन्होंने आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) का नियमित मिलान सुनिश्चित करने, सरकारी भूमि की सुरक्षा बनाए रखने तथा जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी निर्धारित लक्ष्य को पूरा नहीं करेंगे, उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने दायित्वों का कड़ाई से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और जमीन से जुड़े विवादों का समाधान मौके पर जाकर किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके और किसी भी प्रकार का अन्याय न हो। इसके अलावा जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहन पकड़े जाने पर संबंधित खदान संचालक या परमिट जारी करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने, मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाने और छापेमारी अभियान तेज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने, पारदर्शिता बनाए रखने और कार्यों में जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव, उप जिलाधिकारी घोरावल आशीष त्रिपाठी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, सदर तहसीलदार अमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



