Sonbhadra News: कच्ची उम्र में मत करो विवाह, दोनों का जीवन होगा तबाह.
बौद्धाडीह गांव में नाबालिग बालिका की शादी की सूचना पर टीम पहुंची। आयु प्रमाण न मिलने पर लड़की और लड़का दोनों नाबालिग पाए गए। बारात दरवाजे पर पहुंच चुकी थी, तभी विवाह रुकवाया गया। टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर शादी न करने की सलाह दी। बालिका को माता-पिता को सौंपा गया, कार्रवाई बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत हुई।
sonbhadra
4:23 PM, May 1, 2026
Share:


टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर शादी न करने की सलाह दी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बौद्धाडीह ग्राम में बाल विवाह की सूचना पर प्रशासन और महिला कल्याण विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से एक बड़ी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाई जा सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाल विवाह की सूचना मिलते ही जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सुपरवाइजर रविन्द्र और नागेंद्र की टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजी गई। टीम के पहुंचने पर देखा गया कि बारात दरवाजे पर आ चुकी थी और विवाह की तैयारियां चल रही थीं। टीम द्वारा बालिका के परिजनों से आयु संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। वहीं लड़के की उम्र के संबंध में भी साक्ष्य मांगे गए, जिनके आधार पर वह भी नाबालिग पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने दोनों पक्षों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया। समझाइश के बाद दोनों पक्ष विवाह न करने पर सहमत हो गए। इसके बाद बालिका को संरक्षण में लेकर थाना विंढमगंज लाया गया, जहां आपसी सहमति के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया। यह पूरी कार्रवाई बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत की गई, जिसके अनुसार 18 वर्ष से कम आयु की बालिका का विवाह कराना संज्ञेय अपराध है। इस दौरान मौके पर उप निरीक्षक संजय राय, कांस्टेबल मनीष कुमार साहू, कांस्टेबल भूपेंद्र पांडेय तथा ग्राम प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। महिला कल्याण विभाग सोनभद्र ने आमजन से अपील की है कि बाल विवाह जैसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। सूचनादाता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
