Sonbhadra News: स्कूल वाहनों में क्षमता से अधिक छात्र न बैठाएं, जांच में पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई- जिलाधिकारी.
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों के वाहनों में क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए। जांच में अधिक बच्चे पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में चिन्हित 117 स्थानों पर सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
sonbhadra
5:58 PM, Jan 13, 2026
Share:


जिलाधिकारी ने 117 स्थानों पर सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों के वाहनों में क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए। जांच में अधिक बच्चे पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में चिन्हित 117 स्थानों पर सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इन बोर्डों पर तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, नशे की हालत में गाड़ी न चलाने और अन्य सुरक्षा नियमों का विवरण अंकित करने को कहा गया। उन्होंने अनावश्यक रूप से गलत तरीके से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों को भी सुचारू ढंग से ठीक करने के निर्देश दिए। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों के आसपास एम्बुलेंस खड़ी करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया जा सके और समय पर इलाज शुरू होने से उनका जीवन बचाया जा सके। ट्रॉमा सेंटर की सूचना से संबंधित साइनेज बोर्ड भी लगाने को कहा गया, जिससे घायल व्यक्ति आसानी से वहां पहुंच सकें। जिलाधिकारी ने सलखन से डाला के बीच सड़क किनारे एक स्थान चिन्हित कर पकड़े गए वाहनों के लिए डंपिंग ग्राउंड बनाने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
औड़ी रोड से शक्तिनगर मार्ग पर कट स्टोन लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया। अघोरी से चोपन सड़क मार्ग पर चलने वाले ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों में बच्चों के हित में चलाए जा रहे वाहनों की नियमित जांच और उचित फिटनेस सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन वाहनों में निर्धारित संख्या से अधिक छात्र-छात्राओं को न ले जाया जाए। यदि कोई वाहन अधिक संख्या में बच्चों को ले जाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर उपसा द्वारा एम्बुलेंस और क्रेन की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय रिफ्लेक्टर का प्रयोग अनिवार्य किया गया। सड़कों से गुजरने वाले भारी वाहनों की भी चेकिंग करने को कहा गया। जिन वाहनों के ढांचे में परिवर्तन पाया जाएगा, उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। चार पहिया वाहन, ट्रक और हाईवा जैसे वाहनों की तेज रफ्तार पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों का चालान करने और उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, क्योंकि नशे में वाहन चलाने से दुर्घटना की संभावना अधिक होती है। इस मौके पर चारू द्विवेदी सी.ओ.,शैलेश ठाकुर अधिशासी अभियन्ता पी.डब्ल्यू.डी., जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड ए.के. सिंह, विनय कुमार सिंह अपर जिला सूचना अधिकारी, सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।



