Sonbhadra News: तेज बारिश के बीच बांधों से पानी की निकासी लगातार जारी, निचले इलाकों में सतर्कता का अलर्ट.
तेज बारिश से सोनभद्र में नदियों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रिहंद, ओबरा और कनहर समेत कई बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। निचले और नदी किनारे के इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
sonbhadra
6:17 PM, Sep 2, 2026
Share:


डैम के खुले गेटों से तेज रफ्तार में छोड़ा जा रहा पानी, उफनता जलप्रवाह बना आकर्षण का केंद्र।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
जिले में लगातार हो रही तेज बारिश से सभी प्रमुख नदियों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए सोनभद्र को डेंजर जोन में रखा गया है। सूचना विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सीडब्ल्यूसी की रिपोर्ट में जिले को ऑरेंज लेवल में रखा गया है। नेवारी और निगाही गांव को अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बताया गया है। प्रशासन ने नदी और बांधों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। रिहंद बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद मंगलवार रात करीब 10:30 बजे दो और गेट खोले गए। इसके बाद बांध के कुल पांच गेट खुले हैं। गेट नंबर 5, 6, 7, 8 और 9 को 16-16 फीट खोला गया है। पांचों गेटों से करीब 55 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा बांध की टरबाइन से भी 17,960 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
विज्ञापन
बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन ने अलर्ट बढ़ा दिया है। वहीं ओबरा डैम के भी पांच गेट खोले गए हैं। इनमें चार फाटकों को 12-12 फीट और एक फाटक को छह फीट खोला गया है। बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। कनहर बांध के 16 में से 12 गेट खोल दिए गए हैं। इनसे 50 हजार क्यूसेक से अधिक पानी निकाला जा रहा है। नगवां बांध के भी सात गेट खोलने पड़े हैं। धंधरौल और नगवां बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। उधर, मध्य प्रदेश स्थित बाणसागर से पानी छोड़े जाने के बाद चोपन क्षेत्र में सोन नदी उफान पर है। नदी का तेज बहाव तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।
लगातार बारिश के चलते जिले के कई निचले और नदी किनारे के इलाकों में पानी घरों में घुस गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी इलाकों में भी जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद रात में साउंड सिस्टम और माइक के माध्यम से ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। जुगैल थाना प्रभारी ने भी ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा है। रिहंद बांध के आसपास के थाना क्षेत्रों में पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। डीएम चर्चित गौड़ ने नदी, बांध और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बच्चों और मवेशियों को वहां न जाने देने की अपील की है। प्रशासनिक टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



