Sonbhadra News: उधारी में शराब न मिलने पर दबंगों का तांडव, सेल्समैन से मारपीट, दुकान में तोड़फोड़: CCTV में कैद हुई वारदात.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव में उधारी पर शराब न देने से नाराज चार लोगों ने शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन के साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत और फुटेज के आधार पर पुलिस ने 2 नामजद व 2 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
sonbhadra
9:49 AM, Jul 17, 2026
Share:


उधारी में शराब न देने पर दुकान में घुसकर सेल्समैन के साथ मारपीट करते आरोपी, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव में एक शराब की दुकान पर उधारी में शराब न देने पर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर सेल्समैन के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, साथ ही दुकान में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कैथी निवासी त्रिपुर सिंह पुत्र उमेश सिंह, जो बड़गांव की कंपोजिट शराब दुकान में सेल्समैन हैं, ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे बादल सिंह, दिलीप पटेल और कुछ अन्य अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आए।
विज्ञापन
उन्होंने उधार में शराब मांगी। सेल्समैन द्वारा उधार देने से मना करने पर आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने त्रिपुर सिंह के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बादल सिंह, दिलीप पटेल और एक-दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (2), 352, 351 (3) और 324(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
