Sonbhadra News: सस्ते लैपटॉप के लालच में साइबर फ्रॉड की जाल में फंसा युवक, AI न्यूड वीडियो से परेशान युवक ने की आत्महत्या.
साइबर फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग के मामले में 25 हजार के इनामी आरोपी वारिस खान को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि सस्ते लैपटॉप का झांसा देकर प्रवेश कुमार से करीब 14 हजार रुपये की ठगी की गई थी। इसके बाद AI से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया, जिसके बाद प्रवेश ने आत्महत्या कर ली।
sonbhadra
5:08 PM, Aug 22, 2026
Share:


पुलिस लाइन में एसपी की मौजूदगी में गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
साइबर ठगी का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन अपराध के बदलते और खतरनाक चेहरे को उजागर कर दिया है। सस्ते लैपटॉप का लालच देकर शुरू हुआ साइबर फ्रॉड कथित ब्लैकमेलिंग तक पहुंचा और मामला इतना गंभीर हुआ कि भीमना गांव निवासी प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आए इस मामले ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि साइबर अपराध अब केवल जेब पर हमला नहीं कर रहा, बल्कि लोगों की मानसिक स्थिति और जिंदगी तक को प्रभावित कर रहा है। मामला 5 जून 2026 का है। थाना बीजपुर क्षेत्र में प्रवेश कुमार द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। परिजनों ने बताया कि उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से लगातार संपर्क किया जा रहा था और बैंक खाते से भी रुपये ट्रांसफर हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा अपराध संख्या 76/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। एएसपी ऋषभ रुणवाल पुलिस टीम ने मृतक के मोबाइल, तकनीकी साक्ष्यों और बैंक स्टेटमेंट की गहन जांच की। जांच की कड़ियां राजस्थान के अलवर क्षेत्र तक पहुंचीं। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और वारिस खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी फेसबुक पर करीब 500 रुपये में लैपटॉप देने का विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। लैपटॉप की डिलीवरी, टैक्स और बिल आदि के नाम पर पीड़ितों से लगातार रकम वसूली जाती थी। इसी तरीके से प्रवेश कुमार से करीब 14 हजार रुपये की ठगी की गई। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर वारिस खान ने प्रवेश कुमार को ब्लैकमेल करना शुरू किया। पुलिस जांच के अनुसार AI की मदद से आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें परिजनों और परिचितों के बीच वायरल करने की धमकी दी गई। लगातार साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग के मानसिक दबाव के बीच प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली। पुलिस इसी कड़ी को मामले की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, सिमकार्ड और 1,050 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के बैंक खातों से जुड़े NCRP रिकॉर्ड की जांच में हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल से साइबर फ्रॉड की चार शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की भूमिका की जांच कर रही है। यह मामला साइबर अपराध के खतरे की गंभीर चेतावनी है। ऑनलाइन ठगी में रकम गंवाने के बाद होने वाली ब्लैकमेलिंग पीड़ित को मानसिक रूप से तोड़ सकती है। ऐसे में किसी भी साइबर फ्रॉड या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में डरने या दबाव में आने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेना जरूरी है। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
