Sonbhadra News: पुलिस की पहल से साइबर ठगी के पीड़ित को वापस मिले ₹67772.पीड़ित ने सोनभद्र पुलिस का जताया आभार.
सोनभद्र के अनपरा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के पीड़ित रवि प्रजापति के 67,772.39 रुपये वापस कराए। पुलिस ने बैंक से पत्राचार कर धोखाधड़ी की रकम होल्ड कराई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाते में वापस कराई। धनराशि मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया, वहीं पुलिस ने साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की अपील की।
sonbhadra
3:30 PM, Oct 11, 2026
Share:


अनपरा पुलिस ने साइबर ठगी के पीड़ित रवि प्रजापति को ₹67,772.39 की धनराशि वापस कराई, पीड़ित ने पुलिस टीम का जताया आभार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक पीड़ित को उसकी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद पीड़ित के बैंक खाते में 67,772.39 रुपये वापस कराए गए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों और अनपरा पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में अनपरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
साइबर धोखाधड़ी का हुआ था शिकार-:
अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज निवासी रवि प्रजापति पुत्र राम विशाले प्रजापति के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइबर धोखाधड़ी कर धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद अनपरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की।
बैंक से पत्राचार कर रकम कराई गई वापस-:
विज्ञापन
पुलिस ने संबंधित बैंक से पत्राचार कर धोखाधड़ी से संबंधित धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस के प्रयासों से पीड़ित के मूल बैंक खाते में 67,772 रुपये 39 पैसे सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर रवि प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय और अनपरा पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
दो सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई-:
इस मामले में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अनपरा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे और हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिन्द शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों पर समय से कार्रवाई करना और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने का प्रयास करना प्राथमिकता है।
साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत-:
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त भारत सरकार के आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक और फोन कॉल से सावधान रहें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से धोखाधड़ी की रकम को रोकने और वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।


