Sonbhadra News: रेलवे बोर्ड के नए आदेश से प्वाइंट्स मैन को मिलेगा लेवल-5 तक प्रमोशन.
रेलवे बोर्ड द्वारा प्वाइंट्स मैन कैडर रिस्ट्रक्चरिंग के आदेश जारी होने के बाद चोपन रेलवे कर्मचारियों में खुशी है। नए आदेश के तहत अब प्वाइंट्स मैन कर्मचारियों को लेवल-5 तक पदोन्नति मिल सकेगी। एआईआरएफ और ईसीआरकेयू के लंबे प्रयासों के बाद जारी इस आदेश को 3 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा। कर्मचारियों ने फैसले पर खुशी जताते हुए संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया।
sonbhadra
5:33 PM, May 15, 2026
Share:


चोपन रेलवे स्टेशन पर रेलवे बोर्ड के नए आदेश से खुश प्वाइंट्स मैन कर्मचारी, लेवल-5 तक पदोन्नति मिलने पर जताई खुशी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
रेलवे बोर्ड ने प्वाइंट्स मैन के कैडर रिस्ट्रक्चरिंग के आदेश जारी कर दिए हैं। इन आदेशों के तहत अब प्वाइंट्स मैन को लेवल 5 तक पदोन्नति मिल सकेगी। इस खबर से चोपन रेलवे से जुड़े कर्मचारियों में खुशी की लहर है। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के वर्किंग कमेटी सदस्य और ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री मो. ज़्याऊद्दीन ने बताया कि पहले प्वाइंट्स मैन की नियुक्ति लेवल वन में होती थी और उनके लिए केवल लेवल टू तक ही पदोन्नति के अवसर उपलब्ध थे।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि एआईआरएफ के प्रयासों से प्वाइंट्स मैन के लिए पदोन्नति के नए आयाम खुले हैं। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) अपने केंद्रीय फेडरेशन एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के नेतृत्व में लंबे समय से रेलवे बोर्ड के विभिन्न स्तरों पर इस मांग को उठा रहा था। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, रेलवे बोर्ड की बैठकों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद प्वाइंट्स मैन के कैडर रिस्ट्रक्चरिंग के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया गया। इस समिति ने प्वाइंट्स मैन को लेवल पांच तक पदोन्नति उपलब्ध कराने की सिफारिश की थी। एआईआरएफ ने इस प्रक्रिया से पड़ने वाले वित्तीय बोझ के लिए वित्त मंत्रालय से भी बात की और अंततः वित्तीय सहमति प्राप्त की। इसके बाद, रेलवे बोर्ड ने 14 मई को आदेश संख्या 39/2026 जारी कर दिया। मो. ज़्याऊद्दीन ने कहा कि ईसीआरकेयू ने प्वाइंट्स मैन के लिए पदोन्नति चैनल उपलब्ध कराने का अपना वादा पूरा किया है।
एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओ.पी. शर्मा ने बताया कि इस आदेश के तहत प्रत्येक लेवल में प्वाइंट्स मैन की प्रतिशतता में भी संशोधन किया गया है। इससे वरिष्ठ कर्मचारियों को सीधे लेवल पांच और उनसे जूनियर को लेवल चार में पदोन्नति मिल सकेगी। ओ.पी. शर्मा ने यह भी बताया कि यह पदोन्नति 03 अप्रैल, 2026 से लागू होगी और इसी तिथि के अनुसार वेतन निर्धारण किया जाएगा। वही ईसीआरकेयू चोपन वन शाखा सचिव उमेश कुमार सिंह ने बताया कि लेवल-5 में 4.54%, लेवल-4 में 13.63%, लेवल-2 में 27.27% तथा लेवल-1 में 54.55% कर्मचारी लाभान्वित होंगे। कर्मचारियों ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए एआईआरएफ और ईसीआरकेयू का आभार व्यक्त किया।



