Sonbhadra News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में एएसपी ने सुनीं जन समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश.
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को ओबरा तहसील में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान भूमि संबंधी मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एएसपी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित एवं न्यायोचित निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
sonbhadra
7:22 PM, Jun 20, 2026
Share:


ओबरा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनते एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील ओबरा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, पुलिस शिकायतों तथा अन्य जन समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के मामलों में उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समन्वित कार्रवाई से शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और मामलों का त्वरित व न्यायोचित निस्तारण संभव हो सकेगा। अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल क्षेत्र की तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में भाग लेकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। क्षेत्राधिकारियों ने भी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस, राजस्व तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान उपलब्ध कराना तथा शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करना रहा।
