Sonbhadra News: रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान बाइक और पैदल यात्रियों के लिए बनेगा वैकल्पिक मार्ग, अधिकारियों ने किया निरीक्षण.
रॉबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते उत्पन्न यातायात समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम, सीओ, रेलवे, पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित बायपटरी मार्ग को बाइक और पैदल यात्रियों के लिए सुगम बनाने का निर्णय लिया।
sonbhadra
6:51 PM, May 29, 2026
Share:


समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को होने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। भाजपा नेता धर्मवीर तिवारी द्वारा जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को ज्ञापन देकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं से अवगत कराने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम सदर और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एक टीम को मौके पर भेजा।
निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे फाटक पर बैरिकेडिंग के साथ निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। छोटे वाहनों के लिए तेंदू मार्ग तथा बड़े वाहनों के लिए मधुपुर मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में निर्धारित किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा बाइक चालकों और पैदल यात्रियों की सुविधा को लेकर चिंता जताई गई थी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित बायपटरी मार्ग का निरीक्षण किया। लोगों की मांग पर इस मार्ग को बाइक और पैदल यात्रियों के लिए उपयोगी बनाने का निर्णय लिया गया।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि रास्ते में मौजूद कुछ अवरोधों और दुकानों की सीढ़ियों को हटाने के लिए संबंधित लोगों से सहयोग मांगा जाएगा। प्रशासन द्वारा मुनादी और अनाउंसमेंट कर लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी। अवरोध हटने के बाद लगभग तीन से चार फीट अतिरिक्त जगह उपलब्ध हो जाएगी, जिससे दोपहिया वाहन और पैदल यात्री आसानी से निकल सकेंगे। एसडीएम अश्वनी कुमार और अन्य अधिकारियों ने बताया कि रेलवे और पीडब्ल्यूडी विभाग मिलकर इस मार्ग को समतल और सुरक्षित बनाएंगे। वर्तमान में जमीन ऊंची-नीची होने तथा रास्ता खराब होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। मार्ग को दुरुस्त करने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों और बसों के लिए पहले से निर्धारित तेंदू मार्ग का उपयोग जारी रहेगा। आपातकालीन सेवाओं जैसे 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस सेवा के लिए भी वैकल्पिक मार्ग पहले से चिन्हित किए गए हैं।
भाजपा नेता धर्मवीर तिवारी ने कहा कि रेलवे फाटक के पूर्वी क्षेत्र में लगभग पांच लाख की आबादी निवास करती है, जिनका रोजाना आवागमन इसी मार्ग से होता है। उन्होंने कहा कि बड़े वाहन वैकल्पिक मार्गों से निकल जाएंगे, लेकिन बाइक सवार, मरीज, छात्र, किसान और छोटे व्यापारी सबसे अधिक प्रभावित होंगे। अधिकारियों की मौजूदगी में यह सहमति बनी है कि निर्माण स्थल के दोनों ओर पर्याप्त जगह छोड़कर बाइक और पैदल यात्रियों के लिए आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण क्षेत्र के विकास और यातायात सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य के दौरान कुछ असुविधाएं अवश्य होंगी, लेकिन प्रशासन और रेलवे विभाग के सहयोग से आम जनता की समस्याओं को कम करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने भी ओवरब्रिज निर्माण को जनहित में बताते हुए प्रशासनिक पहल का स्वागत किया है।



