Sonbhadra News: पूर्वांचल भास्कर का दिखा असर, शिक्षक और सहायक लेखाकार के वेतन पर रोका, नोटिस जारी.
पूर्वांचल भास्कर की खबर का असर, बभनी में विवादित कार्यक्रम के बैनर मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की। सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार और सहायक लेखाकार विजय कुमार का वेतन रोककर तीन कार्य दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर विरोध जताते हुए बभनी थाने में तहरीर देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
sonbhadra
6:04 PM, Nov 5, 2026
Share:


बभनी में भाजपा कार्यकर्ताओं का खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन एवं पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल डेस्क।
सोनभद्र।
ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम के बैनर को लेकर उठे विवाद में पूर्वांचल भास्कर की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी बभनी ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक सहायक अध्यापक और एक सहायक लेखाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों का वेतन रोकते हुए तीन कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में लगाए गए बैनर को लेकर विवाद सामने आया था। मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद भाजपा बभनी मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
विज्ञापन
इसके बाद कार्यकर्ता बभनी थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित पत्र सौंपकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जैसे ही उन्हें जानकारी मिली कि कार्यक्रम के बैनर से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, कार्यकर्ताओं ने तत्काल विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी उस दिन जिला मुख्यालय पर थे। फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने सहायक लेखाकार विजय कुमार और प्राथमिक विद्यालय नवाटोला तृतीय के सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार का वेतन रोकते हुए तीन कार्य दिवस में स्पष्टीकरण मांगा है। विरोध प्रदर्शन में मंडल महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद, जिला प्रतिनिधि प्रमोद दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष सत्यनारायण तिवारी, संजय जायसवाल और प्रेमचंद गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं, बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। इसकी जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।


