Sonbhadra News: बिजली कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन, 12 सूत्रीय मांगों पर अड़े.
बीजपुर में बिजली कर्मचारी संघ (एटक) के आह्वान पर बीजपुर, नधिरा व बभनी उपकेंद्रों पर संविदा और नियमित कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया। कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने, न्यूनतम वेतन 28 हजार रुपये करने व संविदा कर्मियों को आउटसोर्स निगम में शामिल करने समेत 12 सूत्रीय मांगें रखीं। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
sonbhadra
5:14 PM, Apr 1, 2026
Share:


बिजली कर्मचारी संघ की दो टूक मांगें पूरी न होने पर आंदोलन होगा तेज।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ (एटक) के आह्वान पर जनपद के बीजपुर, नधिरा एवं बभनी क्षेत्र के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर कार्यरत संविदा एवं नियमित कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। आंदोलन के प्रथम चरण के तहत बुधवार को कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर विभाग और शासन स्तर पर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी 12 सूत्रीय मांगों में प्रमुख रूप से वेतन विसंगति को दूर करना, संविदा कर्मियों को आउटसोर्सिंग निगम में शामिल करना, न्यूनतम वेतन 28,000 रुपये निर्धारित करना तथा कार्य के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को 20 लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान करना शामिल है।
विज्ञापन
कर्मचारियों ने कहा कि संविदा पर कार्य कर रहे कर्मियों को न्यूनतम सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में कार्य बहिष्कार, धरना-प्रदर्शन और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान गिरेंद्र कुमार यादव, तसव्वर अंसारी, रहमत अली, जितेंद्र कुमार, कमलेश कुमार, बाबूलाल, सोनू यादव, गुलाबचंद यादव, संदीप, विकेश एवं छोटेलाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने “मजदूरों को न्याय दो” और “प्रदेश को बिजली दो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।



