Sonbhadra News: एक साल बाद भी नहीं बना सोख्ता गड्ढा, हैंडपंप का पानी बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत.
बभनी के रन्दह ग्राम पंचायत के नवाटोला में हैंडपंप के पानी की निकासी के लिए एक साल बाद भी सोख्ता गड्ढा नहीं बना। पानी रास्ते में फैलने से कीचड़ और गंदगी बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जल्द सोख्ता गड्ढे का निर्माण कराने की मांग की है।
sonbhadra
4:10 PM, Oct 7, 2026
Share:


एक साल से सोख्ता गड्ढा नहीं बनने से हैंडपंप का पानी रास्ते में फैल रहा, कीचड़ और जलभराव से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विकासखंड बभनी की ग्राम पंचायत रन्दह के नवाटोला में हैंडपंप के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोनू शर्मा के घर के पास लगे हैंडपंप के पानी के निस्तारण के लिए करीब एक वर्ष बाद भी सोख्ता गड्ढे का निर्माण नहीं कराया गया है। हैंडपंप से निकलने वाला पानी आसपास फैलकर रास्ते में जमा हो जाता है। इससे रास्ते पर लगातार कीचड़ और गंदगी बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप से पानी लेने के लिए आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी होती है। बारिश या लगातार पानी बहने की स्थिति में समस्या और बढ़ जाती है। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण आसपास गंदगी फैल रही है। इससे मच्छरों के पनपने के साथ ही संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि सोख्ता गड्ढा बनवाने की मांग कई बार की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी कमलेश भारती ने बताया कि फिलहाल पंचायत में कोई नया कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य शुरू होने पर हैंडपंप के पास सोख्ता गड्ढे का निर्माण करा दिया जाएगा। ग्रामीण भगवानदास यादव, बालदेव यादव, रविंद्र यादव, सोनू शर्मा, जितेंद्र शर्मा और रामप्यारे समेत अन्य लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए हैंडपंप के पास जल्द से जल्द सोख्ता गड्ढे का निर्माण कराया जाए, ताकि पानी की निकासी हो सके और रास्ते पर जमा कीचड़ व गंदगी से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि एक वर्ष से समस्या बनी हुई है। ऐसे में अब उन्हें आश्वासन के बजाय मौके पर काम शुरू होने और स्थायी समाधान का इंतजार है।


