Sonbhadra News: दो साल बाद भी चकसानी गांव में नहीं पहुंचा नल से जल, 200 परिवार पेयजल के लिए परेशान.
बभनी विकास खंड के धनवार ग्राम पंचायत स्थित चकसानी गांव में हर घर नल योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। दो साल पहले जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन करीब 200 घरों में आज तक नल कनेक्शन नहीं दिया गया। ग्रामीणों की शिकायत पर जल निगम के जेई साहेब लाल बिन्द ने जांच कर जल्द कनेक्शन और जलापूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया है।
sonbhadra
7:51 PM, Nov 10, 2026
Share:


चकसानी गांव में हर घर नल योजना का लाभ नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान, दो साल बाद भी घरों तक नहीं पहुंचा पानी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विकास खंड बभनी के ग्राम पंचायत धनवार के चकसानी गांव में हर घर नल योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। दो वर्ष पूर्व जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा करा दिया गया, लेकिन आज तक किसी भी घर में नल कनेक्शन नहीं दिया गया है। इससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, चकसानी गांव में लगभग 200 घर हैं। दो साल पहले पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही उनके घरों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचने लगेगा, लेकिन अब तक योजना धरातल पर शुरू नहीं हो सकी है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही गांव में पानी की समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों को पानी के लिए आज भी पारंपरिक जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी ग्राम पंचायत के धनवार गांव में कुछ घरों को नल कनेक्शन दिया गया है, लेकिन वहां भी नियमित रूप से जलापूर्ति नहीं हो रही है। कहीं नलों में पानी नहीं पहुंच रहा है तो कहीं निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। ऐसे में हर घर नल योजना का उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। ग्रामीण संजय कुमार, अर्जुन भोला, रमेश कुमार, गणेश, श्यामनारायण, शीतला गुप्ता, विनय कुमार गुप्ता और नागेंद्र गुप्ता सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने मांग की है कि चकसानी गांव में जल्द से जल्द सभी घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से निजात मिल सके। इस बात जल निगम के अवर अभियंता साहेब लाल बिन्द ने बताया कि इस गांव की जांच कर जल्द ग्रामीणों को कनेक्सन देकर जल आपूर्ति बहाल कराई जायेगी।


