Sonbhadra News: बाबा साहब की प्रतिमा की उंगली क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश, सीओ ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, तत्काल कराई गई मरम्मत.
चोपन नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की उंगली क्षतिग्रस्त मिलने से लोगों में आक्रोश, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, मनोज चौबे और लोककुत भारती ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की, वहीं तत्काल मूर्तिकार को बुलाकर क्षतिग्रस्त उंगली की मरम्मत कराई गई।
sonbhadra
1:42 PM, Nov 10, 2026
Share:


बाबा साहब की प्रतिमा की मरम्मत कराई गई, चोपन पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन
सोनभद्र।
चोपन नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 स्थित दलित बस्ती में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की खड़ी उंगली क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने से क्षेत्र में नाराजगी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पर चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, कृष्ण मोहन सिंह सहित पुलिस टीम और एलआईयू की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। बाद में सीओ रणधीर मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
मौके पर पहुंचे सीओ ने लोगों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं लोगों की नाराजगी को देखते हुए तत्काल मूर्तिकार को बुलाया गया और प्रतिमा की क्षतिग्रस्त उंगली की मरम्मत कराई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की।
नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। यह शरारत है या जानबूझकर किया गया कृत्य, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि नगर पंचायत की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने बताया प्रतिमा स्थल पर बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। जल्द ही निर्माण कराकर स्थल को सुरक्षित बनाया जाएगा।
विज्ञापन
स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस बस्ती में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कराने का सपना लवकुश भारती का था, जो काफी प्रयासों के बाद साकार हुआ था। उन्होंने प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों को चिह्नित करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रतिमा स्थापना में अहम भूमिका निभाने वाले लवकुश भारती ने बताया कि 14 अप्रैल 2025 को प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके लिए उनकी माता रामा देवी ने आधा बिस्वा भूमि दान की थी। दीपावली के दिन मोहल्ले के लोग यहां दीपक जलाने पहुंचे थे, लेकिन उस समय किसी का ध्यान क्षतिग्रस्त उंगली पर नहीं गया। आशंका है कि घटना पिछले दो-तीन दिनों के भीतर हुई है। उनके पुत्र श्रीपद भारती ने डायल 112 पर सूचना दी थी। लवकुश भारती ने स्पष्ट किया कि वह किसी जाति या समुदाय विशेष पर आरोप नहीं लगा रहे हैं।
उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने समाज कल्याण विभाग से 10 लाख रुपये की व्यवस्था होने की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया मामले के बाद भी क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम है।


