Sonbhadra News: आस्था के मंच पर मानवता का मिशाल: छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह, राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार ने दिया आशीर्वाद.
बीजपुर बाजार में दुर्गा पूजा एवं रामलीला समिति की ओर से छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया। दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार, समाजसेवी रामाज्ञा सिंह और अमरेश तिवारी ने नवदंपतियों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच छह जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, हजारों लोग इस सामाजिक और धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।
sonbhadra
4:09 PM, Oct 17, 2026
Share:


दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न, गाजे-बाजे के साथ निकली बारात और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवदंपति परिणय सूत्र में बंधे।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए बीजपुर बाजार की दुर्गा पूजा एवं रामलीला समिति ने दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान शुक्रवार की शाम छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस पुनीत कार्यक्रम में हजारों लोग साक्षी बने। वैवाहिक रस्मों के बीच छह जोड़े परिणय सूत्र में बंधे तो पूरा पंडाल खुशियों और उल्लास से गूंज उठा। समिति की इस सराहनीय पहल की अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रामाज्ञा सिंह एवं अमरेश तिवारी ने भी समारोह में सहभागिता की। अतिथियों ने सभी छह नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में समिति की सराहनीय पहल-:
समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह ने सामाजिक उत्तरदायित्व की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग कर समिति ने यह संदेश दिया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों की खुशियों को दोगुना किया जा सकता है। धार्मिक आयोजन को सामाजिक सेवा से जोड़ने की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
गाजे-बाजे के साथ निकली बारात, उमड़ा जनसैलाब-:
विज्ञापन
सामूहिक विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए बारात की भव्य व्यवस्था की गई थी। सजे-धजे रथों पर सवार दूल्हों की बारात गाजे-बाजे और डीजे की धुन के बीच विवाह स्थल की ओर बढ़ी। सैकड़ों बाराती नाचते-गाते उत्साह के साथ बारात में शामिल हुए। स्वागत द्वार से बारात के आगमन का दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।विवाह मंडप में कार्यक्रम शुरू होते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते पूरा पंडाल खचाखच भर गया। हजारों लोगों की मौजूदगी में विद्वान आचार्य आदर्श कृष्ण जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से विवाह की रस्में संपन्न कराईं। छह जोड़ों के विवाह के साथ ही आयोजन स्थल पर खुशियों का माहौल छा गया।
अतिथियों ने की सामाजिक पहल की सराहना-:
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराने में सहयोग करना समाजसेवा का पुनीत कार्य है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना अन्य सामाजिक संस्थाओं और समितियों के लिए भी प्रेरणादायक है। समिति की इस पहल से छह परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जुड़ गया। समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परेशानियों को कम किया जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम-:
कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बीजपुर थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। आयोजन में दुर्गा पूजा एवं रामलीला समिति के सुरेंद्र अग्रहरी,विजेंद्र सिंह उर्फ बग्गा सिंह, ललन सिंह, विनोद गर्ग, मुन्ना प्रसाद, नागेंद्र सिंह, योगेन्द्र चौबे, सीताराम शर्मा, विरेंद्र प्रसाद गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, प्रेम चंद गुप्ता सहित स्थानीय व्यवसायी, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।सामूहिक विवाह समारोह को सफल बनाने में समिति के वॉलंटियर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई विशाल गुप्ता, हेमंत साव, जयप्रकाश पांडेय, संतोष यादव, गोविंदा, रवि गुप्ता, राजेश गुप्ता एवं शिवाकर झा सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में सहयोग किया। बीजपुर बाजार में आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह धार्मिक आस्था के साथ मानवता, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश देकर संपन्न हुआ। छह निर्धन कन्याओं का विवाह कराकर समिति ने समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।मंच का सफल संचालन शिक्षक धनंजय शर्मा ने किया।


