Sonbhadra News: सोनभद्र के 41वें जिलाधिकारी बने चर्चित गौड़, संभाला कार्यभार.
डीएम चर्चित गौड़ ने जिला कोषागार के डबल लॉक में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाएगा। विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया। वह 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पहले यूपीसीडा में एसीईओ थे। कार्यभार ग्रहण के दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
sonbhadra
1:07 PM, Apr 25, 2026
Share:


कार्यभार संभालते ही जिलाधिकारी ने भूमि विवाद व कानून व्यवस्था पर दिया जोर।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
जनपद को नया जिलाधिकारी मिल गया है। वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी चर्चित गौड़ ने जिले के 41वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने जिला कोषागार के डबल लॉक में औपचारिक रूप से पदभार संभाला। कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। नवागत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए जाएं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ इससे पहले उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे। उन्होंने आगरा विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और फिरोजाबाद में मुख्य विकास अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कार्यभार ग्रहण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव और वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
