Sonbhadra News: स्मार्ट मीटर के विरोध में कलेक्ट्रेट पर गरजे किसान-नौजवान.
सोनभद्र में स्मार्ट मीटर को लेकर किसान नौजवान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग उठाई गई। किसानों ने बढ़े हुए बिजली बिल और विजिलेंस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए। समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।
sonbhadra
1:54 PM, Apr 20, 2026
Share:


नए मीटर को हटाकर पुराने मीटर लगाने की उठी मांग।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
जनपद में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ती समस्याओं के बीच किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और स्मार्ट मीटर में व्याप्त खामियों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली विभाग के विजिलेंस कार्यों की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संदीप मिश्र ने कहा कि जनपद के उपभोक्ता बिजली विभाग की मनमानी से परेशान हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों के बिजली बिल में अचानक भारी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता और खासकर किसान वर्ग आर्थिक रूप से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा बिना उचित जांच के उपभोक्ताओं पर भारी-भरकम बिल थोपे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी संगठन ने बिजली विभाग के मुख्यालय का घेराव कर स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग की थी। उस समय अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक संतोषजनक कदम नहीं उठाए गए हैं। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मैन्युअल मीटर नहीं लगाए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग का विजिलेंस तंत्र भ्रष्टाचार में लिप्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के समरसेबल और उपकरण जब्त कर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और बाद में मोटी रकम लेकर समझौता कराया जाता है। उन्होंने कहा कि कई गरीब परिवारों पर लाखों रुपये तक के बिजली बिल थोप दिए गए हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है। किसानों ने यह भी मुद्दा उठाया कि गेहूं खरीद की समस्या पहले से ही बनी हुई है और ऐसे में बढ़ते बिजली बिल ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। संदीप मिश्र ने कहा इस तरह से लूट और भ्रष्टाचारी सरकार में पूरी तरह से निरंकुशता है और ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह से बैलगाम हो चुकी है। प्रदर्शन के दौरान जनप्रतिनिधियों पर भी जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया गया। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
