Sonbhadra News: डीएपी-यूरिया को लेकर किसानों का प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी.
घोरावल विधानसभा क्षेत्र के बट सहकारी केंद्र पर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने मंगलवार को डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर प्रदर्शन किया। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने प्रत्येक किसान को प्रति बीघा एक बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
sonbhadra
5:30 PM, Jul 7, 2026
Share:


डीएपी-यूरिया की मांग को लेकर प्रदर्शन करते किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी व किसान।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, घोरावल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
घोरावल विधानसभा क्षेत्र के बट सहकारी केंद्र पर मंगलवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किसानों ने प्रदर्शन कर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों पर समय से डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं होने के कारण खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इससे पहले सहकारी केंद्र परिसर में "पेड़ हैं तो प्राण हैं" अभियान के तहत किसानों को फलदार पौधों का वितरण किया गया। इसके बाद किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर एकत्र हुए और खाद संकट पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसान आज खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जबकि खरीफ सीजन में समय पर डीएपी और यूरिया की उपलब्धता सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक किसान को प्रति बीघा एक बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जाए, ताकि बुवाई और खेती का कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। रामकेश पनिका ने कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ा रहेगा। वहीं महेंद्र पटेल ने चेतावनी दी कि यदि खाद संकट दूर नहीं किया गया तो आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार किया जाएगा और आंदोलन को जिलेभर में विस्तार दिया जाएगा। उमाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शन के अंत में किसानों ने प्रशासन से सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। इस दौरान आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, दिनेश चेरो, विजय चौहान, विक्की पटेल, राजू मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
