Sonbhadra News: गैलन में डीजल न मिलने से परेशान किसान सड़क पर उतरे, सरकार के खिलाफ नारेबाजी.
रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास रविवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने गैलन में डीजल देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने रामगढ़-रॉबर्ट्सगंज स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर विरोध दर्ज कराया। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि खेती-किसानी के लिए डीजल आवश्यक है, लेकिन गैलन में डीजल न मिलने से किसानों को परेशानी हो रही है।
sonbhadra
2:34 PM, Jun 21, 2026
Share:


गैलन में डीजल की मांग को लेकर रामगढ़ में किसानों ने प्रदर्शन कर हाईवे जाम किया।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, रामगढ़।
सोनभद्र।
रामगढ़ स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किसानों ने गैलन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने रामगढ़-रॉबर्ट्सगंज स्टेट हाईवे जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा लागू किए गए नियम किसानों के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके गैलन और जर्किन में डीजल नहीं दिया जा रहा है, जबकि रेलवे और विभिन्न ठेकेदारी कार्यों के लिए डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों पर यह नियम थोप रही है।
विज्ञापन
संदीप मिश्रा ने कहा कि धान रोपाई का मौसम शुरू होने वाला है और ऐसे समय में किसानों को डीजल की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। गैलन में डीजल नहीं मिलने से खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा शुरू से ही इस व्यवस्था का विरोध करता आया है और आगे भी किसानों के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि खेती-किसानी देश की रीढ़ है और अन्नदाताओं की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विजयगढ़ क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से आए किसानों ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से किसान हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि कृषि कार्यों के लिए गैलन और जर्किन में बिना किसी बाधा के डीजल उपलब्ध कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। संदीप मिश्रा ने कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का संकल्प है कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिले और युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।
