Sonbhadra News: दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, ट्रेन हादसे में गोविंद की दर्दनाक मौत से सिरसोती में मातम.
ट्रेन की चपेट में आने से युवक गोविंद जायसवाल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव में एमजीआर गेट के आगे हुआ। मृतक दीपक जायसवाल उर्फ राजेंद्र जायसवाल के पुत्र थे और दो बच्चों के पिता थे। परिजनों ने एनटीपीसी से परिवार के एक सदस्य को नौकरी और उचित मुआवजे की मांग की।
sonbhadra
12:03 PM, Aug 19, 2026
Share:


हादसे के बाद सड़क किनारे शव के पास गमगीन परिजन, मौके पर जुटी पुलिस और सुरक्षा बल एवं अधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सिरसोती गांव में एमजीआर गेट के आगे हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान गोविंद जायसवाल, पुत्र दीपक जायसवाल उर्फ राजेंद्र जायसवाल, निवासी सिरसोती के रूप में हुई है। बताया गया कि गोविंद जायसवाल शक्तिनगर में कार्यरत थे। मंगलवार देर रात वह सिरसोती में एमजीआर गेट के आगे किसी तरह एनटीपीसी में कोयला परिवहन करने वाली ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर भयावह स्थिति बन गई। घटना की जानकारी बुधवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों को हुई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से गांव में मातम का माहौल बन गया।
विज्ञापन
बताया गया कि मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत की खबर से दोनों मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कम उम्र में पिता का साया उठ जाने से परिवार के सामने अब आर्थिक संकट की स्थिति भी खड़ी हो गई है। परिजनों का कहना है कि परिवार के लिए गोविंद ही महत्वपूर्ण सहारा थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल पर सीआईएसएफ के जवानों के साथ एनटीपीसी के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। वहीं मृतक के परिजनों ने एनटीपीसी प्रबंधन से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए प्रबंधन को मानवीय आधार पर सहयोग करना चाहिए। घटना के बाद से सिरसोती गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
